| Getting your Trinity Audio player ready... |
लखनऊ,(माॅडर्न ब्यूरोक्रेसी न्यूज)ः लखनऊ विश्वविद्यालय में 10 वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को भव्य रूप में मनाया गया जिसमें एक हजार से अधिक छात्र, शिक्षणेत्तर कर्मचारी और शिक्षकों ने प्रतिभाग किया। योग शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण है और इसके महत्व को दिखाने के लिए पूरी दुनिया के लोग एक साथ 21 जून को योग करते हैं। इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का विषय ‘महिला सशक्तिकरण के लिए योग’ है। यह महिलाओं के मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य को बढ़ाने पर केंद्रित है. योग दिवस पर योगा के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक महत्व से लोगों को अवगत कराने का प्रयास किया जाता है. हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी लखनऊ विश्वविद्यालय के पवेलियन ग्राउंड में सामूहिक रूप से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को मनाया गया।
विवि के कुलपति प्रो.आलोक कुमार राय के नेतृत्व में सामूहिक रूप से योग किया गया, जिसमें विवि के शिक्षक, एवं बड़ी संख्या में छात्र एवं छात्राएं उपस्थित थे। इस अवसर पर प्रो आलोक कुमार राय ने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृृति, मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य के लिए लाभदायक है। योग से शरीर और चेतना का मिलान होता है.। नियमित योग शारीरिक स्वास्थ्य, शारीरिक लचीलापन, शक्ति और मुद्रा को बढ़ाता है। योग के नियमित अभ्यास से उच्च रक्तचाप, मधुमेह और गठिया जैसी बीमारियों से राहत मिलती है। योग मानसिक स्वास्थ्य को भी बढ़ावा देता है।
योग तनाव, चिंता और अवसाद को कम करके मानसिक स्वास्थ्य को मजबूत करता है। योग आत्म-जागरूकता, सचेतनता और आंतरिक शांति को प्रोत्साहित करता है।योग का नियमित अभ्यास करने से हमें अनगिनत लाभ प्राप्त हो सकते हैं। शारीरिक स्वास्थ्य में सुधार के साथ-साथ यह मानसिक स्वास्थ्य को भी बेहतर बनाता है। योग से मन की एकाग्रता बढ़ती है, आत्मविश्वास में वृद्धि होती है, और मनोवैज्ञानिक समस्याओं से निपटने में सहायता मिलती है। योग केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य तक सीमित नहीं है। यह समाज और विश्व के लिए भी महत्वपूर्ण है। जब हम व्यक्तिगत रूप से स्वस्थ और शांत होंगे, तो हम समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार कर सकते हैं और विश्व में शांति और सौहार्द्र को बढ़ावा दे सकते हैं। उन्होने बताया कि हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाने का प्रस्ताव रखा था, जिसे संयुक्त राष्ट्र ने 2014 में स्वीकार कर लिया। तब से हर वर्ष 21 जून को हम अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाते हैं, जिसमें लाखों लोग भाग लेते हैं और योग के प्रति जागरूकता फैलाते हैं। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पद्मश्री, प्रो नवजीवन रस्तोगी तथा विशिष्ट अतिथि डॉ दिलीप अग्निहोत्री, राज्य सूचना आयुक्तय पी एन द्विवेदी, राज्य सूचना आयुक्तय ज्ञानेन्द्र शुक्ल, हेड दैनिक भास्कर, उत्तर प्रदेश और राजीव श्रीवास्तव, टाइम्स ऑफ इंडिया सामूहिक योगाभ्यास में सम्मिलित थे। अंत में डीन योग संकाय द्वारा धन्यवाद ज्ञापित किया गया और राष्ट्रगान के बाद कार्यक्रम के समापन की घोषणा की गई।
Modern Bureaucracy