| Getting your Trinity Audio player ready... |
नई दिल्ली। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के बेटे उदयनिधि के सनातन धर्म पर दिए विवादित बयान पर आज भी बवाल जारी है। भाजपा ने उदयनिधि के बयान पर चुप्पी साधने को लेकर कांग्रेस समेत विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा।
भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने कहा कि उदयनिधि स्टालिन के सनातन धर्म पर दिए बयान पर राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव जैसे नेताओं की चुप्पी चौंकाने वाली है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को इस मुद्दे पर बोलना चाहिए।
रविशंकर प्रसाद ने कहा कि उदयनिधि स्टालिन सनातन धर्म को डेंगू और मलेरिया की तरह खत्म करने के अपने बयान पर कायम हैं। यह सनातन धर्म का अपमान है। उन्होंने सवाल किया कि राहुल गांधी, नीतीश कुमार, तेजस्वी यादव और ममता बनर्जी अपने गठबंधन के सहयोगी के बयान पर चुप क्यों हैं? भाजपा सांसद ने कहा कि सनातन धर्म शाश्वत है। उन्होंने पूछा कि क्या सनातन धर्म की तुलना डेंगू और मलेरिया से करना ठीक है? क्या वे अन्य धर्मों के बारे में भी ऐसा बोल सकते हैं? जनता सब देख रही है। वह आने वाले चुनावों में इसका जवाब देगी।
रविशंकर प्रसाद ने कहा कि उदयनिधि ने सनातन धर्म की तुलना डेंगू और मलेरिया से की है। उन्होंने लोगों से इसे खत्म करने का आह्वान भी किया। सवाल यह है कि राहुल गांधी और नीतीश कुमार दो दिन से इस मुद्दे पर खामोश क्यों हैं? चुनावों के दौरान राहुल गांधी केवल हिंदू होते हैं।
रविशंकर प्रसाद ने कहा कि विपक्ष हिंदू विरोधी है। भारत की संस्कृति और विरासत सनातन है। उन्होंने रामसेतु को लेकर भी कांग्रेस पर निशाना साधा और कहा कि सोनिया गांधी ने राम को काल्पनिक बताया था।
Modern Bureaucracy