| Getting your Trinity Audio player ready... |

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के पॉश इलाके हजरतगंज में हुए हाई-प्रोफाइल कैफे कारोबारी शिवा शर्मा (28) हत्याकांड में पुलिसिया जांच तेज हो गई है। चर्चा है कि मामले की मुख्य आरोपी और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मॉडल श्रद्धा दुबे लखनऊ से दिल्ली फरार हो गई है। लखनऊ पुलिस की सर्विलांस टीम ने उसका सुराग जुटाकर दिल्ली में दबिश दी है, जबकि स्थानीय पुलिस ने कार्रवाई करते हुए श्रद्धा के तीन करीबियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। इस सनसनीखेज वारदात ने लखनऊ के हाई-प्रोफाइल गलियारों में हड़कंप मचा दिया है।
चौथी मंजिल से संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
बीती 9 अक्टूबर की रात बालू अड्डा स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरकर रेस्टोरेंट चेन और कैफे के मालिक शिवा शर्मा की मौत हो गई थी। शुरुआत में इसे महज एक हादसा माना जा रहा था, लेकिन अस्पताल पहुंचने के बाद जो तस्वीरें सामने आईं उसने मामले को पूरी तरह पलट दिया। शिवा पिछले करीब चार महीने से मॉडल श्रद्धा दुबे के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था। घटना की रात श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि और उनके ड्राइवर ने शिवा की मां को फोन कर सिर्फ इतनी जानकारी दी कि शिवा घायल है और वे उसे अस्पताल ले जा रहे हैं। इसके बाद वे शव को अस्पताल में ही छोड़कर फरार हो गए।
पति से तलाक और करोड़पति बनने की चाह
पुलिस जांच में रायबरेली की मूल निवासी श्रद्धा दुबे के अतीत और उसकी निजी जिंदगी को लेकर कई बड़े खुलासे हुए हैं। करीब 10 साल पहले बड़े सपने और करोड़पति बनने की चाहत लेकर वह अपने पति प्रिंस दुबे को छोड़कर लखनऊ आ गई थी। साल 2022 में दोनों का आधिकारिक तौर पर तलाक हो चुका है और उनका एक बेटा भी है, जो पिता के साथ रहता है। इंस्टाग्राम पर 1.4 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स रखने वाली श्रद्धा ने बेहद कम समय में लखनऊ के रसूखदार लोगों, राजनेताओं और अधिकारियों के बीच मजबूत पैठ बना ली थी।
मां के संगीन आरोप: ब्लैकमेलिंग और टॉर्चर
मृतक शिवा शर्मा की मां रंजना शर्मा की तहरीर पर हजरतगंज थाने में श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि, ड्राइवर दानिश और सहयोगी आदिल समेत अन्य के खिलाफ हत्या का मुकदमा (Section 103(1) BNS) दर्ज किया गया है। मां ने आरोप लगाया है कि श्रद्धा उनके बेटे को अश्लील वीडियो वायरल करने और रसूखदार दोस्तों के नाम पर पिछले कई महीनों से ब्लैकमेल कर रही थी। जब शिवा ने रिश्ता खत्म करने का विरोध किया, तो उसे बंधक बनाकर प्रताड़ित किया गया। पोस्टमार्टम से पहले शिवा के शरीर पर केवल अंडरवियर थी, चेहरे पर मेकअप/लिपस्टिक लगी थी और उसके शरीर पर गंभीर चोटों के साथ-साथ सिगरेट से दागे जाने के निशान भी पाए गए थे।
फिलहाल, पुलिस अपार्टमेंट के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और हिरासत में लिए गए करीबियों की मदद से मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे को जल्द गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।
Modern Bureaucracy