Breaking News

सहारनपुर में बड़ा हादसा: ट्रैक्टर-ट्रॉली नदी में गिरने से 9 लोगों की मौत, 6 घायल

Getting your Trinity Audio player ready...

लखनऊ। सहारनपुर जिले में एक ट्रैक्टर-ट्रॉली के अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरने से उस पर सवार नौ लोगों की मौत हो गयी। छह अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गये।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजन को चार—चार लाख रुपये की सहायता की घोषणा की है। अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) अभिमन्यु मांगलिक ने बृहस्पतिवार को बताया कि थाना देहात कोतवाली ओर बेहट कोतवाली सीमा पर स्थित ताजपुरा में रेढीबोदकी गांव के पास बुधवार को भारी वर्षा होने से सडक़ पर पानी भर गया था। तभी एक ट्रैक्टर—ट्रॉली सडक़ पर बने गड्ढे में जाने से बचने की कोशिश में अनियंत्रित हो गयी और पास में ही बह रही ढमोला नदी में जा गिरी।
उन्होंने बताया कि ट्रैक्टर—ट्रॉली में सवार सभी 50 लोग नदी में जा गिरे। इस घटना में अब तक नौ लोगों की मौत हो चुकी है। चार लोगों सुलोचना (58), मंगलेश (50), अदिति (पांच), और अंजू (12) के शव बुधवार रात को ही नदी से निकाल लिये गये थे। बाकी पांच अन्य शव आज निकाले गये हैं। उनकी शिनाख्त की जा रही है। नदी में डूबे अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
मांगलिक ने बताया कि गागलहेडी थाना क्षेत्र के बलेली गांव की रहने वाली 50 से ज्यादा महिलाएं, पुरूष और बच्चे जाहरवीर गोगा तीर्थस्थल से ट्रैक्टर—ट्रॉली पर सवार होकर थाना देहात कोतवाली क्षेत्र के रण्डौल गांव जा रहे थे।
उन्होंने बताया कि हादसे की सूचना मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विपिन टाडा सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू कराया। मांगलिक ने बताया कि हादसे में घायल छह लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इस बीच, राज्य सरकार के एक प्रवक्ता के मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना में लोगों की मौत पर गहरा दु:ख प्रकट करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने जिला प्रशासन को मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की सहायता तत्काल देने के निर्देश दिये हैं।
मुख्यमंत्री ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर जिला प्रशासन के अधिकारियों को उनके समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है।

Check Also

डॉक्टरों ने की हड़ताल- पीजीआई, केजीएमयू, क्वीन मैरी, आरएमएल अस्पतालों की चिकित्सीय सेवाएं चरमरायी

Getting your Trinity Audio player ready... लखनऊ,(माॅडर्न ब्यूरोक्रेसी न्यूज)ः  कोलकाता में ट्रेनी डॉक्टर के साथ …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *