Breaking News

वृहद वृक्षारोपण अभियान के लिए विभागों ने कसी कमर

Getting your Trinity Audio player ready...

लखनऊ,(माॅडर्न ब्यूरोक्रेसी न्यूज)ः प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में वृक्षारोपण अभियान को वृहद स्तर पर आयोजित करने के निर्देश दिये गये हैं। इस बावत वन विभाग मुख्यालय स्थित पारिजात कक्ष में विभिन्न विभागों के मंत्रीगणों ने पेड़ लगाओ-पेड़ बचाओ जन अभियान-2024 की तैयारियों के संबंध में समीक्षा बैठक की। बैठक में विभागीय अधिकारियों को मंत्रिगणों ने पर्यावरण संरक्षण और संवर्द्धन के दृष्टिगत लोगों को जागरूक करने तथा वृहद वृक्षारोपण में बढ़ चढ़कर सहयोग करने हेतु प्रेरित करने के निर्देश दिए।
वर्षाकाल के इस वर्ष प्रदेश के 26 शासकीय विभागों तथा जन सामान्य के सहयोग से वन भूमि, सामुदायिक भूमि व अन्य राजकीय भूमि, कृषि एवं अन्य निजी भूमि पर वृहद स्तर पर रोपण किये जाने की योजना बनाई गयी है। इससे प्रदेश की हरित आवरण में वृद्धि, पर्याप्त वर्षा जल संचयन, कार्बन अवशोषण, शुद्ध हवा, उपजाऊ मिट्टी व स्वच्छ जल की प्राप्ति एवं प्रदेश के कृषकों की आय में वृद्धि होगी। वृक्षारोपण अभियान 2024 में प्रदेश का पौधरोपण लक्ष्य 35 करोड़ है जिसमें पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग का लक्ष्य 14 करोड़ तथा अन्य 25 विभागों का लक्ष्य 21 करोड़ है। इस अवसर पर कृषि शिक्षा एवं कृषि अनुसंधान विभाग मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि रोपित पौधों की जीवितता का सतत अनुश्रवण किया जाये तथा जनसामान्य विशेषकर कृषकों के मध्य पौधारोपण से कार्बन अवशोषण तथा कार्बन क्रेडिट अर्जन से आय में वृद्धि का वृहद स्तर पर प्रचार प्रसार किया जाये। उन्होंने कहा कि भावी पीढ़ी को जलवायु परिवर्तन के दुषपरिणामों से बचाने तथा देश की खुशहाली के लिए वर्तमान में अधिक से अधिक पौधरोपण करना होगा। जिसके लिए प्रदेश सरकार प्रतिबद्ध है। सूक्ष्म, जल, लघु एवं मध्यम, उद्यम, खादी एवं ग्रामोद्योग एवं रेशम उद्योग मंत्री राकेश सचान ने कहा कि रोपित पौधों का स्वामित्व सम्बन्धित व्यक्ति द्वारा लिया जाये, जिससे कि भावनात्मक सम्बन्ध स्थापित हो। पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि अभियान की सफलता हेतु अधिक से अधिक ध्यान रोपित पौधों की सुरक्षा व्यवस्था व सिंचाई आदि पर दी जाये। पर्यावरण, वन, जन्तु उद्यान एवं जलवायु परिवर्तन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ0 अरूण कुमार सक्सेना ने कहा कि प्रदेश में कृषि वानिकी को प्राथमिकता दी जाए तथा ‘‘हर खेत पर मेड़, हर मेड़ पर पेड़‘‘ का व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाये। उन्होंने रोपित पौधों की सुरक्षा व संरक्षण करने पर बल दिया। उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार तथा कृषि निर्यात विभाग राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि पौधरोपण अभियान के दौरान सड़क किनारे की खाली जगहों, सार्वजनिक स्थलों, स्मारकों, ऐतिहासिक स्थलों के आसपास ज्यादा से ज्यादा औषधीय, फलदार एवं छायादार प्रजाति के पौधों का रोपण किया जाये तथा रोपित पौधों को ट्री गार्ड द्वारा संरक्षित भी किया जाये। कृषि राज्यमंत्री बलदेव सिंह ओलख ने कहा कि वृक्षारोपण अभियान में अधिक से अधिक जनसहभागिता कराकर पौधों के प्रति लगाव और संरक्षण की भावना को बढ़ाना है। इससे अभियान के दौरान रोपित किये गये पौधों के संरक्षण में बल मिलेगा।

Check Also

यात्रियों को सुरक्षित यात्रा मुहैया कराना प्रदेश सरकार का दायित्व-दयाशंकर सिंह

लखनऊ,(मॉडर्न ब्यूरोक्रेसी न्यूज)ः उत्तर प्रदेश के परिवहन राज्यमंत्री दयाशंकर सिंह ने ठंड में बसों के …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *