| Getting your Trinity Audio player ready... |
बिजनौर। यूपी के बिजनौर जिले में तेंदुए का आतंक छाया हुआ है। अफजलगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव में घर के पास दुकान से सामान लेने गए एक बालक पर तेंदुए ने हमला कर दिया। बालक की उपचार के दौरान मौत हो गई। एसएचओ) पंकज तोमर ने बताया कि गांव माननगर निवासी संजय कुमार का 10 वर्षीय बेटा नैतिक गुरुवार रात करीब आठ बजे अपने घर के पास में ही एक दुकान से कुछ सामान लेने गया था। वापस आते समय खेत से निकले तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया। संजय का घर गांव से बाहर बना हुआ है।
एसएचओ ने बताया कि आस-पास खड़े लोगों के शोर मचाने पर तेंदुआ भाग गया, लेकिन तब तक नैतिक गंभीर रूप से घायल हो चुका था। उसे धामपुर में अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। तेंदुए के हमले से ग्रामीण आक्रोशित हो गए। उप जिलाधिकारी मोहित कुमार और पुलिस क्षेत्राधिकारी भरत सोनकर ने पीडि़त परिवार को मुआवजे और तेंदुए को पकडऩे के लिए पिंजरे लगाने का आश्वासन देकर लोगों को शांत किया।
वनाधिकारी एके सिंह ने बताया कि जिले में तेंदुए के हमले में 15 मौतें होने के बाद दो नरभक्षी तेंदुओं को मारने का विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि तेंदुआ प्रभावित स्थानों पर पिंजरे लगाए जा रहे हैं। इससे पहले 23 सितंबर को इसी थाना क्षेत्र के गांव आसफाबाद चमन में घास काट रही महिला पर तेंदुए ने हमला कर दिया था। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई थी। उसे गंभीर स्थिति में अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसका इलाज चल रहा है।
Modern Bureaucracy