Breaking News

दीपावली पर 26 लाख से अधिक दीप होंगे प्रज्ज्वलित

Getting your Trinity Audio player ready...
प्रतीकात्मक फोटो

लखनऊ,(मॉडर्न ब्यूरोक्र्रेसी न्यूज)ः उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग अयोध्या में दीपोत्सव-2025 की तैयारियों में जुटा है। इस बार 19 अक्टूबर को होने वाले दीपोत्सव में पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए प्रदूषणमुक्त ग्रीन आतिशबाजी शो आयोजित किया जाएगा। राम की पैड़ी पर होने वाला यह दीपोत्सव हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी ऐतिहासिक रूप लेगा। 14 वर्षों के वनवास के उपरांत प्रभु श्रीराम के अयोध्या आगमन की खुशी में सरयू नदी का आकाश आतिशबाजी से आलोकित होगा। यह जानकारी उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने दी।
पर्यटन मंत्री ने बताया कि विभाग ने भगवान श्रीराम के अयोध्या आगमन की दिव्य अनुभूति कराने के लिए पूरे शहर को भव्य रूप से सजाने-संवारने की योजना बनाई है। इस वर्ष दीपोत्सव में सरयू घाटों पर 26 लाख से अधिक मिट्टी के दीप प्रज्वलित होंगे और नदी तट को विशेष सजावट से संवारकर आकर्षक बनाया जाएगा। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ-साथ पूरा शहर झिलमिलाती रोशनियों से आलोकित होगा। इसी श्रृंखला में कोरियोग्राफ्ड ग्रीन एरियल आतिशबाजी शो मुख्य आकर्षण होगा। ग्रीन एरियल फायर क्रैकर्स शो में संगीत और आधुनिक तकनीकों का अद्भुत मिश्रण होगा। इस शो को पूरी तरह संगीत की धुन पर तैयार किया जाएगा, जो अयोध्या के दीपोत्सव को नया आयाम देगा। दीपोत्सव-2025 की शाम सरयू नदी के तट पर आतिशबाजी और संगीत का भव्य संगम आगंतुकों को देखने को मिलेगा। आतिशबाजी की औसत ऊंचाई कम से कम 200 मीटर होगी। पर्यावरण को बिना नुकसान पहुंचाए ग्रीन एरियल फायर क्रैकर्स शो को कई किलोमीटर दूर से भी देखा जा सकता है। यह आतिशबाजी सरयू नदी की शांत लहरों पर चमकदार परछाइयों के साथ अद्भुत दृश्य उत्पन्न करेगी। यह शो 10 मिनट का होगा, जिसे पूरी तरह कंप्यूटराइज्ड तकनीक से संचालित किया जाएगा। शो का डिजाइन अंतरराष्ट्रीय स्तर के आयोजनों जैसे- रियो डी जेनेरियो (ब्राज़ील) के रेबेलियन आतिशबाजी शो, फ्रांस के बैस्टिल डे और ब्रिटेन की गाई फॉक्स नाइट की तर्ज पर तैयार किया जाएगा। आतिशबाजी में ऊंचाई और विविधता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि अयोध्या के आसमान में निरंतर रंग-बिरंगे नजारे दिखाई दें। उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि अयोध्या में दीपोत्सव-2025 का भव्य-दिव्य आयोजन होने जा रहा है। राम की पैड़ी पर एक नया कीर्तिमान स्थापित होगा। 19 अक्टूबर को होने वाले कार्यक्रम में 26 लाख से अधिक दीपों की रोशनी और आतिशबाजी के अद्भुत रंग अयोध्या नगरी को प्रकाशमान करेंगे। दीपोत्सव भव्यता, सांस्कृतिक धरोहर और पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ विशेष रूप से मनाया जाएगा, जो अयोध्या ही नहीं बल्कि पूरे देश के लिए यादगार बनेगा।

Check Also

रूफ टॉप गार्डेनिंग से संवरेगी शहरी क्षेत्र में बागवानी

लखनऊ,(मॉडर्न ब्यूरोक्र्रेसी न्यूज)ः प्रदेश के उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात राज्य …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *