| Getting your Trinity Audio player ready... |
लखनऊ,(माॅडर्न ब्यूरोक्रेसरी न्यूज)ः प्रदेश के पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि बाढ़ग्रस्त जनपदों में निराश्रित गोवंश के संरक्षण और गौशालाओं को लेकर चिंता वयक्त की है। उन्होंने किसी भी दशा में पशुओं के बचाव, संरक्षण व टीकाकरण करने में हीलाहवाली करने पर अधिकारियों पर सख्त कार्यवाही करने के निर्देश प्रमुख सचिव को दिये। इसके साथ ही गोवंश को बीमारियों से बचाव के लिए टीकाकरण कार्य को प्राथमिकता दी जाये और इसकी सूचना पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश भी दिये हैं।
धर्मपाल सिंह आज विधान भवन स्थित अपने कार्यालय कक्ष में निराश्रित गोवंश को गो-आश्रय स्थल तक पहुंचाने एवं वर्षा से बचाव के लिए गोशालाओं की समुचित व्यवस्था के लिए आयोजित बैठक में अधिकारियों को निर्देश दे रहे थे। उन्होंने कहा कि बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों से गोवंश के बचाव के लिए गोशालाओं की समुचित व्यवस्था की जाये। गोशालाओं में मृत गोवंश के शव का तत्काल समुचित निस्तारण होना चाहिए, ताकि अन्य गोवंश में कोई संक्रमण न फैलने पाये। उन्होंने कहा कि गोवंश को बीमारियों से बचाव के लिए टीकाकरण कार्य को प्राथमिकता दी जाये और इसकी सूचना पोर्टल पर अपलोड कराई जाये। टीकाकरण में कम प्रगति वाले जनपदों के अधिकारी के विरूद्ध सख्त कार्रवाई की जायेगी।
उन्होंने कहा कि अपर्याप्त गोवंश संरक्षण वाले जनपदों में संरक्षण स्थल का प्राथमिकता से निर्माण कराया जाये। सभी गौशालाओं में वृक्षारोपण का कार्य कराया जाये। गोचर भूमि को कब्जा मुक्त कराते हुए भूमि पर गोवंश के लिए चारा उगाने का कार्य किया जाये। साथ ही कब्जामुक्त 20 हजार हेक्टेयर गोचर भूमि पर आगामी 15 अगस्त तक हरा चारा बुवाई कराये जाने के सख्त निर्देश दिये। बैठक में प्रमुख सचिव रविन्द्र ने मंत्री को आश्वस्त किया कि मंत्री द्वारा दिए गये सभी दिशा-निर्देशों का पालन पूर्ण रूप से सुनिश्चित कराया जायेगा। गौवंश के टीकाकरण का कार्य यथाशीघ्र पूरा कराने के सख्त निर्देश अधिकारियों को दिये गये हैं। उन्होंने बताया कि बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों गोवंश के बचाव का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है और पर्याप्त चारा, भूसा, दवाईयों आदि की पर्याप्त व्यवस्था की जा रही है। कार्यों में लापरवाही करने वाले अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। सभी जनपदों के अधिकारियों द्वारा वर्षाकाल के दृष्टिगत पशुधन की सुरक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। बैठक में पशुधन विभाग के विशेष सचिव देवेन्द्र पांडे, पशुपालन विभाग के निदेशक, प्रशासन एवं विकास डॉ0 रघुनाथ सिंह, निदेशक रोग नियंत्रण प्रक्षेत्र डॉ0 पी0एन0 सिंह, अपर निदेशक डॉ0 जयकेश कुमार पाण्डेय तथा अपर निदेशक डॉ0 अरविन्द कुमार सिंह तथा शासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
Modern Bureaucracy