Getting your Trinity Audio player ready... |
पटना। जदयू संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा और पूर्व सांसद मीना सिंह के बाद अब पूर्व केंद्रीय मंत्री व जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे आरसीपी सिंह गुरुवार को भाजपा में शामिल होंगे। भाजपा के राष्ट्रीय मुख्यालय नई दिल्ली में आयोजित मिलन समारोह में वे भाजपा की अधिकारिक सदस्यता हासिल करेंगे।
पूर्व केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह को लेकर लगभग एक साल से यह कयास लगाए जा रहे थे कि वे भाजपा के साथ अपनी नई राजनीतिक पारी शुरू कर सकते हैं। मिलन समारोह में गृह मंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा पूर्व जदयू अध्यक्ष को भाजपा में शामिल कराएंगे।
आरसीपी सिंह वर्तमान की मोदी सरकार में लगभग एक साल तक केंद्रीय मंत्री रह चुके हैं। वे दो दशक से भी ज्यादा समय तक नीतीश कुमार और जदयू से जुड़े रहे।
आरसीपी सिंह पर पिछले साल यह आरोप लगे थे कि उन्होंने भाजपा के साथ मिलकर जदयू को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की। साथ ही कई जगह अवैध संपत्ति अर्जित की। साथ ही उनपर यह भी आरोप लगे कि उन्होंने बिना नीतीश कुमार के अनुमति के केंद्रीय मंत्री बनने का निर्णय किया था। उन्होंने खुद पर लगे कई आरोपों के बाद जदयू से इस्तीफा दे दिया था।
इधर, भाजपा प्रदेश मुख्यालय में जदयू से दो दिन पहले इस्तीफा देने वाली प्रदेश प्रवक्ता सुहेली मेहता के अलावा कई और जदयू नेताओं के भाजपा की सदस्यता ग्रहण कराने की तैयारी है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में मिलन समारोह का आयोजन प्रस्तावित है।