| Getting your Trinity Audio player ready... |
लखनऊ,(मॉडर्न ब्यूरोक्रेसी न्यूज)ः उत्तर प्रदेश के परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने कल से मथुरा में शुरू हो रहे हैं मुड़िया पूर्णिमा मेला की प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए बताया कि यात्रियों की सुविधा की दृष्टिगत इस क्षेत्र में 1000 अतिरिक्त बसों का संचालन उत्तर प्रदेश परिवहन निगम द्वारा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि आगरा क्षेत्र से 250 बसें ,अलीगढ़ क्षेत्र से 150 बसें ,गाजियाबाद क्षेत्र से 150 बसें, मेरठ क्षेत्र से 100 बसें ,इटावा क्षेत्र से 150 बसें मुरादाबाद क्षेत्र से 100 बसें एवं बरेली क्षेत्र से 100 बसों सहित कुल आवंटित 1000 बसों का संचालन किया जाएगा।
परिवहन मंत्री ने बताया कि 04 जुलाई से 11 जुलाई, 2025 तक राजकीय मुड़िया पूर्णिमा गोवर्धन मेला मनाया जाना है। मेले के 10 जुलाई को मुख्य पर्व मनाया जाना है। उन्होंने बताया कि संपूर्ण मेला 07 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक सेक्टर के प्रभारी, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक स्तर के अधिकारी होंगे। उन्होंने बसों एवं बस अड्डो में साफ-सफाई बेहतर रखने के निर्देश दिए है। यात्रियों को किसी भी प्रकार की असुविधा ना हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। बसों के आवागमनों से संबंधित सूचनाएं एलइडी स्क्रीन के माध्यम से प्रदर्शित की जाए। साथ ही कंट्रोल रूम की भी स्थापना की जाए और टोल-फ्री नं0 भी जारी किया जाए, जो 24 घंटे कार्य करे। परिवहन मंत्री ने निर्देश दिए कि फिट बसों का ही संचालन किया जाए। तकनीकी टीम को अलर्ट किया जाए, जो किसी भी ब्रेकडाउन या बस खराबी को तत्काल अटेंड करे। साथ ही संवेदनशील पाइंट पर क्रेन भी तात्कालिक रूप से उपलब्ध रहे। एमडी परिवहन निगम ने बताया कि परिवहन मंत्री द्वारा दिए गए निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित किया जायेगा। उन्होंने यह भी बताया कि राजकीय मुड़िया पूर्णिमा मेला में आने वाले श्रद्धालुओं को सुगम एवं सुरक्षित यात्रा कराई जाएगी। बसें भूतेश्वर बस स्टेशन एवं मालगोदाम स्थित रेलवे गेट नं 2 से संचालित की जायेंगी। गोवर्धन जाने का मार्ग गोवर्धन चौराहा अड़ींग होकर होगा और वापसी का मार्ग गोवर्धन सोंख मंडी, नरहौली चौराहा धौलीप्याऊ होकर होगा। मथुरा गोवर्धन जाने और गोवर्धन मथुरा वापस आने का समान किराया 50/रु रहेगा। कोई क्रू अपनी बस छोड़ कर नहीं जायेगा और सड़क पर खड़ी करके जाम की स्थिति पैदा नहीं करेगा।
Modern Bureaucracy